हाथ जोड़कर पुजारी से बोले चित्रकूट एसपी “मंदिर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर चलिए”

Share This

चित्रकूट। मंदाकिनी नदी में अचानक बढ़े जलस्तर के बाद चित्रकूट में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घाट क्षेत्र में पानी तेजी से बढ़ने के कारण प्रशासन ने तटीय इलाकों को खाली कराने का अभियान तेज कर दिया है। इसी दौरान चित्रकूट के कलेक्टर पुलकित गर्ग और एसपी अरुण कुमार सिंह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों अधिकारी मंदिर के पुजारी से हाथ जोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में दिखा ये

वीडियो में एसपी अरुण कुमार सिंह पुजारी जी से अनुरोध करते दिखाई दे रहे हैं कि मंदाकिनी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और सुरक्षा कारणों से तटीय क्षेत्रों को खाली कराया जा रहा है। एसपी उनसे कहते हैं कि वह मंदिर में रुकने के बजाय प्रशासन के साथ सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। अधिकारी बार-बार समझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन पुजारी मंदिर छोड़ने के लिए तैयार नहीं होते।

प्रशासन की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि मंदाकिनी की भीषण बाढ़ ने घाट क्षेत्र में कई लोगों और पर्यटकों को प्रभावित किया है। कुछ पर्यटक बाढ़ के पानी के बीच फंस गए, जिन्हें पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों की मदद से सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है। जरूरत पड़ने पर एयरफोर्स के हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पहले ही लोगों को चेतावनी जारी की गई थी। इसके बावजूद कुछ लोग ऊपरी मंजिलों और संवेदनशील स्थानों पर फंस गए हैं। राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।

एसपी कर रहे अपील

एसपी अरुण कुमार सिंह लोगों से अपील कर रहे हैं कि बाढ़ को हल्के में न लें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए तत्काल सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि जान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम उठाने से बचना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *