शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में आरोपितों तक पहुंचने के लिए शामली पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए आठ थानों की पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है। करीब 200 पुलिसकर्मी अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रहे हैं। मेरठ जोन के एडीजी के निर्देश पर एसटीएफ भी अब इस ऑपरेशन का हिस्सा है।
हो रही जांच
पुलिस का पूरा फोकस वारदात के बाद फरार हुए शूटरों के रूट और उनकी पहचान पर है। इसके लिए घटनास्थल से लेकर संभावित भागने वाले रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है। फुटेज की कड़ियों को जोड़कर पुलिस बदमाशों की गतिविधियों का रूट तैयार कर रही है। शुरुआती जांच में चार हमलावरों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें दो बदमाश काले कपड़ों में थे, जबकि एक के कंधे पर बैग था।
तकनीकी जांच में पुलिस मोबाइल सर्विलांस और डंप डेटा का सहारा ले रही है। वारदात के समय घटनास्थल और आसपास सक्रिय मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया जा रहा है। इसके साथ ही संदिग्ध नंबरों और उनकी लोकेशन को सीसीटीवी फुटेज से मिलाया जा रहा है।
इलाकों में बढ़ाई गई चेकिंग
बदमाशों के दूसरे राज्यों की ओर निकलने की आशंका को देखते हुए लोनी सीमा और हरियाणा से लगे इलाकों में चेकिंग बढ़ाई गई है। शामली पुलिस ने सोनीपत पुलिस और सीआइए टीम से भी जानकारी साझा की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच में मिले तकनीकी और सीसीटीवी साक्ष्यों को जोड़कर शूटरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। एसटीएफ के शामिल होने के बाद गिरफ्तारी अभियान को और तेज कर दिया गया है।