प्रयागराज : शराब पीने का वीडियो वायरल होने पर नवाबगंज थाने का सिपाही निलंबित

Share This

 

प्रयागराज। नवाबगंज थाने में तैनात सिपाही सिलेश कुमार पर इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो के बाद कार्रवाई की गई है। वीडियो में सिपाही कुछ लोगों के साथ बाग में बैठा दिखाई दे रहा है। इसी मामले से जुड़े दूसरे वीडियो में वह कुछ ऐसे लोगों के साथ नजर आ रहा है, जिनकी छवि आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के रूप में बताई जा रही है। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच कराई और रविवार को सिपाही को निलंबित कर दिया।

ये है मामला 

बताया गया कि 21 अगस्त को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था। इसमें नवाबगंज हाईवे के समीप एक बाग में कुछ लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में शराब पीने की बात सामने आई और इनमें एक व्यक्ति को नवाबगंज थाने का सिपाही सिलेश कुमार बताया गया। इसके बाद इसी सिपाही का एक अन्य वीडियो भी प्रसारित हुआ, जिसमें वह कुछ संदिग्ध लोगों के साथ दिखाई दे रहा है।

वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। अधिकारियों के निर्देश पर पूरे प्रकरण की गोपनीय तरीके से पड़ताल कराई गई। जांच के बाद सिपाही की भूमिका को अनुशासनहीनता के दायरे में मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।

इंस्पेक्टर ने दी जानकारी 

नवाबगंज इंस्पेक्टर पंकज अवस्थी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेकर जांच कराई गई थी। जांच के आधार पर सिलेश कुमार को निलंबित किया गया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच भी कराई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

हालांकि, इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित दोनों वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *