अंबेडकरनगर: आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्र की मां इंद्रा देवी की मौत का मामला लगातार नया मोड़ ले रहा है। घटना के बाद जहां पुलिस जांच में जुटी है, वहीं अब जेवर बरामदगी को लेकर पुलिस और पीड़ित परिवार के दावे अलग-अलग नजर आ रहे हैं। आईपीएस आशुतोष मिश्र ने साफ कहा है कि उनकी मां के शरीर से गायब हुए जेवर अभी बरामद नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस के पास जेवर मिलने की कोई जानकारी है तो उन्हें परिवार को सौंपा जाना चाहिए।
आशुतोष मिश्र ने मामले की जांच स्थानीय स्तर के बजाय विशेष टीम से कराने की मांग एडीजी जोन से की है। उनका कहना है कि निष्पक्ष जांच से ही घटना की वास्तविकता सामने आएगी और किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा।
जेवर बरामदगी की खबर पर पुलिस ने दी सफाई
आईपीएस के बयान के बाद मंगलवार देर रात पुलिस मीडिया सेल ने सोशल मीडिया पर चल रही जेवर बरामदगी की खबरों को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया। पुलिस ने इन दावों को भ्रामक बताया। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि गायब बताए गए आभूषणों का आखिर क्या हुआ।
इंद्रा देवी का शव रविवार को उनके घर में मिला था। बेटे की ओर से हत्या और लूट की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने हार्ट अटैक की बात कही, लेकिन मौत की वजह को पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
मामले में एफआईआर में मुंह में तौलिया और चोट के निशान जैसी बातें भी सामने आई हैं। ऐसे में विसरा रिपोर्ट और पुलिस की आगे की जांच अहम मानी जा रही है।
जांच टीम कर रही पड़ताल
घटना के खुलासे के लिए थाना स्तर पर टीम गठित की गई है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, आसपास की गतिविधियों और उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल जेवर बरामदगी, मौत की वास्तविक वजह और घटना के पीछे की परिस्थितियां ऐसे सवाल हैं, जिनका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेगा।