उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के मालीपुर थाना क्षेत्र में IPS अफसर आशुतोष मिश्रा की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हत्या और लूट का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका के शरीर पर मौजूद गहने भी गायब मिले हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
एसपी ने दी जानकारी
अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह के मुताबिक, 16 अगस्त को दोपहर करीब 1:13 बजे रमेश चंद्र मिश्रा ने मालीपुर थाना पुलिस को सूचना दी कि ग्राम रूढ़ा धमारुआ निवासी आशुतोष मिश्रा की मां का सुबह करीब 8 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया है। इसके बाद करीब 2:30 बजे IPS अफसर ने पुलिस को बताया कि उन्हें मां की हत्या किए जाने का संदेह है और उनके द्वारा पहनी गई ज्वेलरी भी शरीर पर मौजूद नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। एसपी के अनुसार, शुरुआती निरीक्षण में शरीर पर जाहिरा तौर पर चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले। शव का तीन डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह ‘रिजर्व’ रखी गई है। मृतका के हार्ट को हिस्ट्रोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जाएगा, जिससे हार्ट अटैक या कार्डियक अरेस्ट की स्थिति स्पष्ट हो सके।
मौके पर पहुंचीी पुलिस
बताया जा रहा है कि मृतका के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था और मुंह से खून भी निकला था। सुबह देखभाल करने वाली दाई के पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर अयोध्या रेंज के IG भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खास बात यह है कि IPS आशुतोष मिश्रा 15 अगस्त को एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अंबेडकरनगर आए थे। कार्यक्रम के बाद वह शाम को लखनऊ लौट गए थे। पुलिस अब हत्या और लूट के पीछे की वजह, गायब गहनों और घटना में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।