वृंदावन में गाड़ी रोकने पर भड़के BJP विधायक, CO से बोले- ‘हैसियत में रहो, दिमाग खराब हो गया है…’

Share This

मथुरा के वृंदावन में हरियाली तीज के मौके पर यातायात व्यवस्था को लेकर भाजपा विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक का मामला सामने आया है। अलीगढ़ की कोल विधानसभा सीट से विधायक अनिल पाराशर और हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्राधिकारी अमित पाठक के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक पुलिस अधिकारी से नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर कहते सुनाई दे रहे हैं, ‘हैसियत में रहो, दिमाग खराब हो गया है।’

ये है मामला

दरअसल, हरियाली तीज पर वृंदावन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की वजह से पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर कई जगह बैरियर लगाए थे। भीड़ को देखते हुए दूसरे जिलों से भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी क्रम में हाथरस के सिकंदराराऊ सीओ अमित पाठक की ड्यूटी भी वृंदावन में लगाई गई थी।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अटल्ला चुंगी से पहले एक बैरियर पर विधायक अनिल पाराशर की गाड़ी को रोक दिया गया। विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने पुलिसकर्मियों को बताया कि वाहन में विधायक स्वयं मौजूद हैं। इसके बावजूद गाड़ी आगे नहीं बढ़ने दी गई। इससे नाराज विधायक वाहन से उतरकर मौके पर मौजूद सीओ अमित पाठक के पास पहुंच गए।

वायरल हो रहा वीडियो

इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। वायरल वीडियो में विधायक अधिकारी पर तानाशाही करने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर विधायक ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष भी रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि सीओ ने उनके स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया और खुद विधायक के गाड़ी में होने की जानकारी मिलने के बाद भी उन्हें बुलाने की बात कही।

विधायक के मुताबिक, वह अटल्ला चुंगी स्थित बालाजी आश्रम में अपने परिचित से मिलने जा रहे थे। उन्होंने सीओ के व्यवहार को लेकर एसएसपी मथुरा से भी बातचीत करने की बात कही। विधायक का दावा है कि बाद में सीओ ने पूरे घटनाक्रम को गलतफहमी बताया। फिलहाल दोनों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *