यूपी पुलिस के गीत में छाई बागपत पुलिस, बारिश में भीगकर निभाई कांवड़ ड्यूटी बनी पहचान

Share This

 

बागपत। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस की सेवा, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को समर्पित गीत ‘खाकी का सितारा’ में बागपत पुलिस की कांवड़ ड्यूटी का वीडियो भी शामिल किया गया है। गीत में बागपत पुलिसकर्मियों की बारिश के बीच ड्यूटी करते हुए तस्वीरें दिखाई गई हैं, जो पुलिस के समर्पण और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

ये था मामला 

दरअसल, कांवड़ यात्रा के दौरान पुरा महादेव मंदिर में जलाभिषेक के समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई थी। बारिश के बावजूद कांवड़ मार्ग और मंदिर परिसर में तैनात बागपत पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों के बारिश में भीगते हुए ड्यूटी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

वीडियो में एसपी सूरज कुमार राय, एएसपी प्रवीण कुमार चौहान, सीओ सुकन्या शर्मा और सीओ रोहन चौरसिया समेत अन्य पुलिस अधिकारी बारिश के बीच व्यवस्थाएं संभालते नजर आए थे। सोशल मीडिया पर वीडियो को लोगों ने खूब सराहा और पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की।

अब इसी वीडियो को उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी किए गए गीत ‘खाकी का सितारा’ में जगह दी गई है। शुक्रवार को लखनऊ स्थित लोक भवन में गायक एवं संगीतकार शंकर महादेवन की आवाज में यह गीत गूंजा। गीत के जरिए पुलिस के शौर्य, संवेदना और समर्पण को सामने रखा गया है।

समर्पण का हिस्सा बनी बागपत पुलिस

बागपत पुलिस की कांवड़ ड्यूटी का वीडियो गीत में शामिल होना जिले के पुलिसकर्मियों के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। बारिश में भीगते हुए ड्यूटी निभाने वाली बागपत पुलिस की तस्वीर अब यूपी पुलिस के समर्पण और सेवा की कहानी का हिस्सा बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *