गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में स्वतंत्रता दिवस का समारोह इस बार पुलिसकर्मियों के सम्मान और शहीदों के परिजनों के प्रति कृतज्ञता के भाव के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन्स में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने तिरंगा फहराया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
पुलिस कमिश्नर ने दी श्रद्धांजलि
समारोह में पुलिस कमिश्नर ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान से मिली आजादी की रक्षा करना हर नागरिक और विशेष रूप से पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का खास आकर्षण शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान रहा। उनके परिवारों को समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया गया और पुलिस अधिकारियों ने भावपूर्ण तरीके से उनका सम्मान किया। इस दौरान शहीदों के बलिदान को याद करते हुए पुलिस सेवा में उनके योगदान को नमन किया गया।
वहीं, कर्तव्य के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। लक्ष्मी सिंह ने उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए। सम्मान पाने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साह देखते ही बना।
जगह जगह हुआ ध्वजारोहण
कमिश्नरेट के अन्य कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित हुए। सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने ध्वजारोहण किया। सूरजपुर स्थित कमिश्नरेट मुख्यालय में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) शैलेन्द्र कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया।
समारोह में अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा के प्रति पूरी निष्ठा से जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।