कानपुर में तिरंगा यात्रा से गूंजा देशभक्ति का संदेश, पुलिस ने घर-घर तिरंगा फहराने की अपील की

Share This

कानपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस ने देशभक्ति का संदेश देने के लिए तिरंगा यात्रा निकाली। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा 2026’ में पुलिस अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए पुलिसकर्मी जब सड़कों पर निकले तो माहौल देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। यात्रा के जरिए लोगों से भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील की गई।

पुलिस कमिश्नर ने दिखाई हरी झंडी

यात्रा की शुरुआत पुलिस कमिश्नर कार्यालय से हुई। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इसके बाद पुलिसकर्मी तिरंगा लेकर निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़े और लोगों को राष्ट्रीय पर्व में भागीदारी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान भारत माता के जयकारों के साथ देशभक्ति के नारे लगाए गए।

पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि कार्यक्रम का मकसद सिर्फ तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके जरिए नागरिकों के बीच राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना भी था। पुलिसकर्मियों ने आम लोगों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह के साथ मनाने और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और करोड़ों भारतीयों के गौरव से जोड़ते हुए कहा कि यह उन वीर जवानों के बलिदान की याद भी दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को राष्ट्रीय पर्व से जोड़ना इसका प्रमुख उद्देश्य है।

ये अफसर रहे मौजूद

कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, डीसीपी मुख्यालय दिनेश त्रिपाठी, एडीसीपी मुख्यालय स्नेहा तिवारी, एडीसीपी योगेश कुमार, एडीसीपी अर्चना सिंह समेत पुलिस लाइन के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *