बाराबंकी में ट्रांसफार्मर विवाद ने पकड़ा तूल, पुलिस टीम से भिड़े ग्रामीण; दरोगा पर पिटाई का आरोप

Share This

बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र में बिजली के ट्रांसफार्मर से ट्यूबवेल का नया कनेक्शन जोड़ने को लेकर बुधवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। अदालत के आदेश के बाद विद्युत विभाग की टीम पुलिसकर्मियों के साथ ठाकुरपुर मजरे इब्राहिमाबाद गांव पहुंची थी। ग्रामीणों ने कनेक्शन जोड़े जाने पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।

ये है मामला

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में सिंचाई के लिए पहले से 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इससे रामनिवेश और रामकुमार के ट्यूबवेल चल रहे हैं। गांव के रामप्रसाद ने इसी ट्रांसफार्मर से अपने ट्यूबवेल के लिए बिजली कनेक्शन मांगा था। विभाग से अनुमति मिलने के बाद जब कनेक्शन जोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई तो रामनिवेश और रामकुमार ने विरोध किया। उनका तर्क था कि मौजूदा ट्रांसफार्मर अतिरिक्त भार उठाने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने 63 केवीए क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।

विवाद पहले अदालत पहुंचा। बुधवार को कोर्ट के निर्देश पर जेई राजकुमार की अगुवाई में विद्युत विभाग की टीम पुलिस के साथ गांव पहुंची। पुलिस दल में दरोगा लालजी यादव के साथ प्रमोद कुमार, सुरेंद्र कुमार और श्याम सिंह शामिल थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कनेक्शन का विरोध करने के दौरान रामनिवेश और दरोगा के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद दरोगा ने लाठी से रामनिवेश की पिटाई कर दी, जिससे वह घायल हो गए।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि रामनिवेश को बचाने के लिए पहुंचीं रेखा (32), सर्वेश कुमारी (40), नैंसी (17) और छह वर्षीय वैष्णवी के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद गांव के लोग भड़क गए और पुलिसकर्मियों को घेर लिया। काफी देर तक मौके पर हंगामा होता रहा। हाथापाई की स्थिति बनने के बाद पुलिस टीम वहां से निकल गई।

सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। घायल रामनिवेश को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ समीर कुमार सिंह भी गांव पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। देर रात दोनों पक्षों को थाने बुलाकर मामले की पड़ताल शुरू की गई।

एसपी ने दी जानकारी

वहीं, एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देश के तहत पुलिस और विद्युत विभाग की टीम कनेक्शन जोड़ने पहुंची थी। ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया और दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। पुलिस के संज्ञान में मारपीट का मामला नहीं आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *