कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के साथ सेवा में जुटे पुलिसकर्मी, फल-बिस्कुट और पानी बांटकर कराया जलपान

Share This

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा में तैनात मलपुरा थाने के पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी के साथ मानवता और आस्था की मिसाल पेश की। थाना मलपुरा के आरक्षी मोहित मलिक और कपिल कुमार ने कांवड़ यात्रियों को फल, बिस्कुट और पानी वितरित कर उनका जलपान कराया। पुलिसकर्मियों की इस पहल की कांवड़ यात्रियों ने सराहना की।

सुरक्षा के किए गए विशेष इंतजाम

कांवड़ यात्रा को देखते हुए मलपुरा पुलिस की ओर से रोहता नहर से गांव बाद तक आगरा-ग्वालियर हाईवे पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। हाईवे पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। रविवार रात से सोमवार सुबह तक हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की काफी भीड़ रही। इस दौरान पुलिसकर्मी लगातार यातायात व्यवस्था और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा में जुटे रहे।

ड्यूटी के दौरान आरक्षी मोहित मलिक ने साथी पुलिसकर्मी कपिल कुमार के साथ कांवड़ यात्रियों को फल, बिस्कुट और पानी वितरित किया। मोहित मलिक ने बताया कि पुलिस सेवा में आने से पहले वह स्वयं भी गांव से कांवड़ लेने जाते थे। कांवड़ यात्रियों के प्रति मन में श्रद्धा होने के कारण ड्यूटी के साथ उनकी सेवा करने का विचार आया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करने से उन्हें आत्मिक संतुष्टि मिलती है।

एसीपी ने दी जानकारी

एसीपी सैंया जसवीर सिंह सिरोही ने बताया कि ग्वालियर हाईवे पर कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। चौकी प्रभारी ककुआ अनुज कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार को पुलिस फोर्स के साथ कांवड़ियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *