बिजनौर। उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही पर शादी के नाम पर युवती को कथित तौर पर धोखा देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सिपाही ने युवती से विवाह तो किया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसे छोड़कर चला गया। बाद में परिजनों को उसके पहले से विवाहित होने की जानकारी मिली। युवती के परिवार ने सिपाही पर पहले भी इसी तरह चार शादियां करने का आरोप लगाया है।
ये है मामला
मामला सलावतपुर गिरधर उर्फ भज्जावाला गांव का है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, कुछ समय पहले उनकी मुलाकात किशनपुर कुंडा निवासी मरकली देवी से हुई थी। उसने अपने रिश्तेदार प्रदीप कुमार को पुलिसकर्मी बताते हुए ज्योति के लिए रिश्ता सुझाया। परिवार को बताया गया कि प्रदीप की पत्नी की मृत्यु हो चुकी है। इस जानकारी के आधार पर दोनों पक्षों में विवाह की सहमति बनी।
करीब छह महीने पहले प्रदीप और ज्योति का विवाह नगीना स्थित मुंसफी कोर्ट में विवाहनामा तैयार कराकर कराया गया। शादी के बाद ज्योति कुछ समय उसके साथ रही। हालांकि करीब एक सप्ताह बाद प्रदीप ने गाजियाबाद में ड्यूटी पर जाने की बात कही और वहां चला गया। इसके बाद उसने पत्नी से दूरी बना ली और वापस नहीं लौटा।
लगातार संपर्क नहीं होने पर ज्योति के मायके वालों को संदेह हुआ। परिवार ने प्रदीप के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की। इसी दौरान उसके पहले से शादीशुदा होने की बात सामने आने का दावा किया गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रदीप ने अलग-अलग जगहों पर इसी तरीके से चार विवाह किए हैं।
एसपी से शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
मामले में ज्योति की बहन हिमानी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रदीप कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। नामजद आरोपितों में प्रदीप के भाई रोहित और भूपेंद्र, बहन अंजली तथा मरकली देवी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।