जालौन। अली अहमद को लेकर जा रहे छह वाहनों के काफिले ने शनिवार को जालौन में अपना निर्धारित रास्ता बदल दिया। काफिले को पहले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के जरिए प्रयागराज ले जाने की तैयारी थी, लेकिन रास्ते में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े निर्देश मिलने के बाद वाहनों को झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर मोड़ दिया गया। रूट बदलते ही पुलिस ने पूरे मार्ग पर निगरानी और बढ़ा दी।
जालौन पुलिस थी सक्रिय
काफिले के जालौन पहुंचने से पहले ही पुलिस सक्रिय हो गई थी। प्रमुख स्थानों के साथ जिले की सीमाओं पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। काफिले में शामिल वाहनों को पुलिस सुरक्षा घेरे में आगे बढ़ाया गया। जालौन पुलिस की काली स्कॉर्पियो आगे रहकर काफिले को एस्कॉर्ट करती रही।
उरई कोतवाली क्षेत्र में बड़ा गांव के पास काफिला कुछ देर के लिए रुका। करीब दो मिनट रुकने के बाद सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से संकेत मिलने पर वाहनों को दोबारा आगे बढ़ाया गया। इसके बाद काफिला झांसी-कानपुर हाईवे के रास्ते प्रयागराज की ओर रवाना हो गया।
पूरे रूट पर थी नजर
अली अहमद की आवाजाही को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने पूरे रूट पर नजर बनाए रखी। काफिले के गुजरने के दौरान स्थानीय पुलिस की टीमें भी तैनात रहीं। सुरक्षा कारणों से काफिले की लोकेशन और रूट को लेकर गोपनीयता बरती गई।