झांसी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंडोर खिरक में करीब 300 लोग हिरासत में लिए गए

Share This

 

झांसी। जिले के थाना कटेरा क्षेत्र के कंडोर खिरक में शनिवार तड़के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस और साइबर क्राइम टीमों ने रात करीब 3 से 4 बजे के बीच गांव में ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान महिलाओं समेत करीब 300 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना सामने आई है।

ये है मामला 

बताया जा रहा है कि पुलिस ने कार्रवाई से पहले ड्रोन के जरिए पूरे गांव की गतिविधियों और मूवमेंट पर नजर रखी। इसके बाद अलग-अलग टीमों ने क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान झांसी के एसपी, एएसपी और सीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। साइबर क्राइम टीम के अधिकारी भी अभियान में शामिल बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस की यह पूरी कार्रवाई साइबर क्राइम से जुड़े एक मामले को लेकर की गई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हिरासत में लिए गए लोगों की भूमिका क्या है और कितने लोगों के खिलाफ आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, पूरे अभियान की निगरानी झांसी रेंज के आईजी स्तर से की गई। पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जांच की। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के कारण इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।

अभी तक नहीं आया कोई बयान

फिलहाल पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में हिरासत में लिए गए लोगों की सही संख्या, कार्रवाई का उद्देश्य और साइबर अपराध से संबंधित मामले की पूरी जानकारी आधिकारिक पुष्टि के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई और अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *