हाथरस: टिकट विवाद में पावर दिखाना पड़ा भारी, बस रोककर चेकिंग कराने वाला दारोगा निलंबित

Share This

 

उत्तर प्रदेश के हाथरस में रोडवेज बस के टिकट विवाद से जुड़ा मामला अब दारोगा पर कार्रवाई तक पहुंच गया है। बस में टिकट कटने से नाराज होकर कथित तौर पर रोडवेज बस को कई स्थानों पर रुकवाकर चेकिंग कराने वाले दारोगा राजेश कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

ये है मामला 

प्रारंभिक जांच में दारोगा की भूमिका संदिग्ध मिलने के बाद सीओ सिटी ने अपनी रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने तत्काल प्रभाव से दारोगा राजेश कुमार को निलंबित कर दिया।

बताया गया कि दारोगा रोडवेज की सुपरफास्ट बस में यात्रा कर रहे थे। टिकट काटे जाने के बाद उन्होंने कथित तौर पर बस को रास्ते में कई जगह रुकवाया और पुलिस के माध्यम से चेकिंग कराई। इस दौरान यात्रियों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।

दारोगा और लगे थे आरोप

बस के चालक और परिचालक ने आरोप लगाया था कि टिकट काटने से नाराज होकर दारोगा ने अपने पद का प्रभाव दिखाते हुए बस की अनावश्यक जांच कराई, जिससे यात्रियों का समय खराब हुआ और उन्हें बेवजह परेशान होना पड़ा।

फिलहाल पुलिस विभाग ने मामले में अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए दारोगा को निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *