यूपी DGP राजीव कृष्ण के पिता हरि किशन मित्तल का निधन, CM योगी ने पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

Share This

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के पिता और सिंचाई विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता हरि किशन मित्तल का बुधवार को 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वह लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे।

सीएम पहुंचे

हरि किशन मित्तल के निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने डीजीपी राजीव कृष्ण को सांत्वना देते हुए हरि किशन मित्तल के निधन को अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी आशियाना स्थित आवास पहुंचे और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

कौन थे हरि किशन मित्तल

हरि किशन मित्तल का जन्म वर्ष 1938 में मेरठ में हुआ था। उन्होंने रुड़की विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वर्ष 1960 में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग में अपनी सेवा शुरू की। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कालागढ़ बांध परियोजना, पीलीभीत-बनबसा बिफर्केशन परियोजना और टिहरी पावर हाउस जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में अहम भूमिका निभाई। बाद में वह सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता पद से सेवानिवृत्त हुए।

उनके परिवार में दो पुत्र हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण और संजीव मित्तल शामिल हैं। उनकी पुत्रवधू मीनाक्षी सिंह मुख्य आयकर आयुक्त हैं, जबकि पुत्री सीमा गर्ग हैं। हरि किशन मित्तल का अंतिम संस्कार लखनऊ के भैंसाकुंड श्मशान घाट पर किया गया। अंतिम यात्रा में परिवार के सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *