बाराबंकी में PAC जवान की मौत से हड़कंप, कमरे में मिला शव

Share This

बाराबंकी में तैनात पीएसी के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 10वीं वाहिनी पीएसी परिसर के हॉस्टल में रविवार सुबह सिपाही दीपक सिंह का शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। ऐसे में पुलिस घटना के पीछे की वजहों को जानने के लिए अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रही है। जवान के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि मौत से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

मेरठ के निवासी थे सिपाही

दीपक सिंह मेरठ के रोहटा क्षेत्र के रहने वाले थे और वर्ष 2021 बैच में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी तैनाती शुरुआत से ही बाराबंकी में थी। परिवार के अनुसार, दीपक की शादी वर्ष 2022 में हुई थी और उनकी एक छोटी बेटी भी है।

परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ समय से दीपक निजी जिंदगी में परेशान चल रहे थे। परिवार का कहना है कि मोबाइल गेम में पैसे लगाने की आदत और आर्थिक नुकसान के चलते तनाव बढ़ गया था। इसी वजह से घर में भी विवाद की स्थिति बनी रहती थी। बताया जा रहा है कि पत्नी कुछ समय पहले बेटी के साथ मायके चली गई थी।

गांव के लोगों के मुताबिक, दीपक पर आर्थिक दबाव था और वह मानसिक रूप से परेशान नजर आते थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएंगे।

बन गया शौक का माहौल

दीपक की मौत की खबर मिलते ही मेरठ स्थित उनके पैतृक गांव में शोक का माहौल बन गया। परिवार के लोग बाराबंकी के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *