मथुरा के कोसीकलां थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और कथित गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरक्षी की पहचान सोनू के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की बाइक से इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान चली एक गोली आरक्षी सोनू को लग गई, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें राजू और एहसान नाम के दो आरोपी घायल हो गए और उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी 23 जुलाई को ग्राम ऐंच स्थित अस्थायी सरकारी गौशाला से गोवंश ले जाने की घटना में वांछित थे। उस वारदात के दौरान कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट भी की गई थी, जिसके बाद से पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
सीओ ने दी जानकारी
क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक, दो रस्सियां और ₹9 हजार नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ गौवध, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।