गोरखपुर में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और कार्यशैली को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कार्य में लापरवाही और संतोषजनक व्यवहार न मिलने पर दो चौकी प्रभारी समेत कुल 42 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
इनपर हुई कार्रवाई
कार्रवाई के तहत विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी गिरीश मिश्र और ट्रांसपोर्टनगर चौकी प्रभारी विजय प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन भेजा गया। इनके अलावा कैंट थाने में तैनात शशि रंजन गुलरिहा के अभिषेक कुशवाहा खजनी के ओमप्रकाश कैंपियरगंज के अमित सिंह तथा रामगढ़ताल के उपेंद्र कुमार को भी लाइन हाजिर किया गया।
मुख्य आरक्षियों में गोरखनाथ थाने के राजेश सिंह और कोतवाली के आशुतोष यादव पर भी कार्रवाई हुई। वहीं तिवारीपुर एम्स चौकी शाहपुर गगहा खजनी कैंपियरगंज झंगहा गीडा सहजनवा बेलघाट सिकरीगंज चिलुआताल रामगढ़ताल बेलीपार पिपराइच उरुवा राजघाट कैंट गुलरिहा गोला बड़हलगंज और चौरीचौरा थाना क्षेत्रों में तैनात 33 आरक्षियों को भी लाइन हाजिर कर दिया गया।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि विभागीय समीक्षा में संबंधित पुलिसकर्मियों का कार्य व्यवहार और अनुशासन अपेक्षित स्तर का नहीं पाया गया। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता है। भविष्य में भी कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा जारी रहेगी और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसलिए हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से पुलिसकर्मियों में जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होगी तथा जनता को बेहतर पुलिसिंग उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।