ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी पर निकले जीआरपी जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ललितपुर स्टेशन के पास मिला शव

Share This

ललितपुर। झांसी जीआरपी में तैनात एक पुलिसकर्मी की बुधवार सुबह ललितपुर रेलवे स्टेशन के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव प्लेटफॉर्म नंबर-3 के झांसी छोर की रेल पटरी के किनारे खून से लथपथ मिला। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में पड़े जवान को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

झांसी में थे तैनात

मृतक की पहचान 37 वर्षीय दीपक प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह इटावा जिले के सुखीपुर गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में झांसी जीआरपी में सिपाही के पद पर कार्यरत थे। अधिकारियों के मुताबिक, दीपक मंगलवार को नियमित ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी पर निकले थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उनके रेलवे ट्रैक पर पड़े होने की सूचना मिली।

अस्पताल पहुंचने तक दीपक के शरीर से काफी खून बह चुका था। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए।

एसपी ने कहा ये

जीआरपी पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। शुरुआती जांच में आशंका है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना से रेलवे पुलिस विभाग में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *