काशी विश्वनाथ धाम में ड्यूटी के दौरान भिड़े यूपी पुलिस और पीएसी के जवान, जांच शुरू

Share This

वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम में सुरक्षा ड्यूटी के दौरान सोमवार को यूपी पुलिस और प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) के जवानों के बीच विवाद हो गया। शुरुआती कहासुनी कुछ ही देर में हाथापाई तक पहुंच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना अन्नपूर्णा मंदिर के पीछे स्थित अन्नक्षेत्र के पास कालिका गली की बताई जा रही है।

ये है मामला

जानकारी के अनुसार, दोनों बलों के जवान नियमित सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि हाथापाई के दौरान एक पीएसी जवान ने यूपी पुलिस के जवान पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दूसरी ओर, पीएसी के जवान का कहना है कि विवाद की शुरुआत पुलिसकर्मी की ओर से कथित गाली-गलौज किए जाने के बाद हुई, जिसके चलते मामला बढ़ गया। फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पीएसी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही, वहां मौजूद अन्य जवानों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सही जानकारी सामने आ सके।

अफसरों ने कहा ये

अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था सामान्य है और सुरक्षा ड्यूटी पहले की तरह जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *