उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती-2026 के परिणाम में इटावा पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। जिले में तैनात 21 आरक्षियों का चयन उपनिरीक्षक पद पर हुआ है। इनमें 17 पुरुष और चार महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। इस सफलता पर गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सभी चयनित पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कहा ये
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने चयनित उपनिरीक्षकों से नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए हर परिस्थिति में कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना जरूरी है।
चयनित पुरुष आरक्षियों में दुर्गेश कुमार, अनमोल जायसवाल, विशेष कुमार, आकाश कुमार, भारत सिंह, पंकज कुमार, धर्मेश गिरि, सचिन, नीतेश कुमार, सौरभ सिंह, विशाल परमार, हिमांशू, प्रशांत गिरि, विकास, गोविंद मिश्रा और अक्षय कुमार शामिल हैं। वहीं महिला आरक्षियों में गीता, साक्षी, नेहा श्यौरान और डिम्पल पाठक ने सफलता हासिल की है।
एसएसपी ने दी बधाई
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सभी चयनित साथियों को बधाई दी। चयनित पुलिसकर्मियों ने भी अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। इटावा पुलिस के 21 आरक्षियों का एक साथ उपनिरीक्षक पद पर चयन जिले के पुलिस विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरणा मिलेगी।