लखनऊ के गोमतीनगर स्थित लोहिया चौराहे पर शुक्रवार शाम एक लापरवाह चालक की करतूत ने बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया। लालबत्ती पर रुकी बाराबंकी के अपर प्रधान न्यायाधीश श्रीकृष्ण कुमार की कार को पीछे से तेज रफ्तार थार ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद जब ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक सिपाही ने चालक को रोकने का प्रयास किया, तो आरोप है कि उसने वाहन सिपाही की ओर बढ़ा दिया और मौके से भाग निकला।
ये है मामला
पुलिस के अनुसार, अपर प्रधान न्यायाधीश अपने परिवार के साथ कैसरबाग से बाराबंकी लौट रहे थे। उनकी मारुति अर्टिगा को चालक संतोष गुप्ता चला रहे थे। शाम करीब 6:45 बजे लोहिया चौराहे पर सिग्नल लाल होने पर कार रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आई थार ने अर्टिगा को टक्कर मार दी। टक्कर से कार को नुकसान पहुंचा और उसमें बैठे लोगों को तेज झटका लगा, हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
हादसे के बाद चालक संतोष गुप्ता कार से उतरकर नुकसान का जायजा लेने लगे। वहीं, न्यायाधीश और उनके परिजनों ने चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी को घटना की जानकारी दी। पुलिसकर्मी ने जब थार चालक को रोकना चाहा, तो उसने वाहन तेज गति से आगे बढ़ाते हुए निकलने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान उसने ट्रैफिक सिपाही को भी कुचलने का प्रयास किया, लेकिन सिपाही समय रहते सुरक्षित हट गया।
ऐसे पुलिस के पास पहुंचा नम्बर
फरार होने से पहले ट्रैफिक सिपाही ने थार की पीछे से तस्वीर ले ली, जिससे वाहन का नंबर पुलिस के पास पहुंच गया। चालक संतोष गुप्ता की शिकायत पर गोमतीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।