सहारनपुर में 47 आरोपियों ने छोड़ा अपराध का रास्ता, थाने पहुंचकर ली कानून पालन की शपथ

Share This

सहारनपुर पुलिस ने अपराध रोकथाम के लिए एक अलग तरह की पहल करते हुए चिलकाना थाना क्षेत्र में गोकशी के मामलों में पहले आरोपित रह चुके 47 लोगों को कानून का पालन करने की शपथ दिलाई। गुरुवार को सभी लोग स्वेच्छा से थाना पहुंचे और भविष्य में किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहने का भरोसा दिया।

अफसरों ने कहा ये

थाना परिसर में मौजूद पुलिस अधिकारियों के सामने सभी ने कहा कि अब वे अपराध का रास्ता छोड़कर मेहनत और ईमानदारी से आजीविका कमाएंगे। इस दौरान उनके हाथों में ऐसे संदेश लिखी तख्तियां भी थीं, जिनमें कानून का सम्मान करने और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प व्यक्त किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल औपचारिकता नहीं है। यदि भविष्य में इनमें से कोई भी व्यक्ति दोबारा गोकशी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि अपराध की जानकारी मिलने पर आम नागरिक बिना संकोच पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने कहा ये

पुलिस का मानना है कि अपराध नियंत्रण केवल गिरफ्तारी या मुकदमा दर्ज करने तक सीमित नहीं है। लोगों को अपराध छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना भी पुलिसिंग का अहम हिस्सा है। इसी सोच के साथ जिले में निगरानी के साथ-साथ संवाद और जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

बताया गया कि जिले में गोकशी और संगठित अपराध के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। वांछित आरोपितों की धरपकड़, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ सुधार की इच्छा रखने वाले लोगों को भी मुख्यधारा में लौटने का अवसर दिया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *