उत्तर प्रदेश पुलिस के मेरठ में तैनात कांस्टेबल कपिल दिनकर ने मनोरंजन मंच India’s Got Latent 2 में अपनी शानदार प्रस्तुति से नई पहचान बना ली है। पुलिस की वर्दी में मंच पर पहुंचे कपिल ने न सिर्फ अपनी मधुर आवाज का जादू बिखेरा, बल्कि अपने जवाबों और आत्मविश्वास से भी दर्शकों व जजों को प्रभावित किया। उनकी परफॉर्मेंस को पैनल ने पूरे 10 अंक दिए और उन्हें कुल 1.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
मेरठ में हैं तैनात
शो के दौरान कपिल ने अपनी एंट्री से ही माहौल हल्का कर दिया। उन्होंने होस्ट समय रैना से मजाकिया अंदाज में बातचीत की, जिस पर पूरा मंच ठहाकों से गूंज उठा। जब उनसे उनके पेशे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह 2021 बैच के उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल हैं और वर्तमान में मेरठ में तैनात हैं।
बातचीत के दौरान उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर पूछे गए सवाल का भी कपिल ने बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम कर रही है और उन्हें बेहतर तरीके से ड्यूटी निभाने का अवसर मिलता है। उनके आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की भी खूब सराहना हुई।
सिपाही ने कहा ये
कपिल दिनकर ने बताया कि पुलिस सेवा के साथ-साथ संगीत उनकी सबसे बड़ी रुचि है। इसके अलावा वह लेखन से भी जुड़े हैं। अब तक तीन किताबें लिख चुके कपिल आठ नई पुस्तकों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की नौकरी निभाते हुए अपने जुनून को आगे बढ़ाना आसान नहीं होता, लेकिन मेहनत और लगन से दोनों जिम्मेदारियां निभाई जा सकती हैं।
India’s Got Latent 2 में कपिल दिनकर की प्रस्तुति ने यह संदेश भी दिया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान सिर्फ कानून-व्यवस्था संभालने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कला और प्रतिभा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाने का दम रखते हैं।