सीतापुर। पुलिस कर्मियों के बेहतर कार्य वातावरण और आपसी समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से सीतापुर पुलिस को एक नई सुविधा मिली है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने शुक्रवार शाम शहर के कलेक्ट्रेट के पास बने नए पुलिस क्लब का शुभारंभ किया। उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ किया गया, जिसके बाद एसपी ने फीता काटकर भवन को पुलिस विभाग को समर्पित किया।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद सभी अधिकारियों ने भवन का निरीक्षण किया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इनके लिए किया गया तैयार
यह पुलिस क्लब विशेष रूप से उपनिरीक्षक और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों के लिए तैयार किया गया है, ताकि वे एक ही स्थान पर रहकर अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें। इससे न केवल विभागीय समन्वय मजबूत होगा, बल्कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय लेने में भी आसानी होगी।
अधिकारियों का कहना है कि एक ही परिसर में कार्य और आवास की सुविधा होने से संवाद और सहयोग बढ़ेगा, जिससे आपात परिस्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया और अधिक तेज व प्रभावी हो सकेगी।
एसपी ने दी जानकारी
एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि पुलिस बल के लिए बेहतर सुविधाएं और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह क्लब पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों को बढ़ाएगा।
कलेक्ट्रेट के पास स्थित यह पुलिस क्लब रणनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहां से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच अधिक तेज और प्रभावी होगी। अधिकारियों ने इसे पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।