मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तर पर बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
एडीजी ने दिए निर्देश
एडीजी भानु भास्कर ने निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा के दौरान रूट डायवर्जन प्लान 15 जुलाई तक हर हाल में तैयार कर लिया जाए, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे कांवड़ियों और आम जनता दोनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। एडीजी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके और समय रहते कार्रवाई की जा सके।
ताकि दुर्घटना का न रहे खतरा
इसके साथ ही बिजली के खंभों पर पन्नी चढ़वाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा मार्ग पर किसी प्रकार का करंट या दुर्घटना का खतरा न रहे। अधिकारियों ने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर कांवड़ यात्रा के दौरान शिविर लगाए जाएंगे, उनका निरीक्षण पहले से थानेदार और सीओ द्वारा किया जाए, ताकि व्यवस्थाओं में कोई कमी न रह जाए।
एडीजी और डीआईजी ने तैयार किए गए कांवड़ यात्रा के नक्शे का भी अवलोकन किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं इस तरह की जाएं कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न हो।