AT-BMS ऐप से ई-रिक्शा रोकने की कोशिश पड़ी भारी तो होगी सख्त कार्रवाई, नोएडा पुलिस ने जारी की चेतावनी

Share This

नोएडा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘BAT-BMS’ मोबाइल ऐप के वीडियो को लेकर नोएडा पुलिस ने लोगों को सतर्क किया है। पुलिस का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति इस ऐप या किसी अन्य तकनीक का इस्तेमाल कर ई-रिक्शों के संचालन में बाधा डालने या सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हाल ही में सामने आई बात

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से साझा किया जा रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि एक विशेष मोबाइल ऐप के जरिए कुछ ई-रिक्शों की बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) को ब्लूटूथ के माध्यम से नियंत्रित कर उन्हें बीच रास्ते में रोका जा सकता है। हालांकि पुलिस ने लोगों से ऐसे दावों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी तरह के प्रयोग से बचने की अपील की है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में हर दिन बड़ी संख्या में ई-रिक्शे सार्वजनिक परिवहन का हिस्सा बनते हैं। यदि कोई शरारती तत्व इस तरह की तकनीक का दुरुपयोग करता है, तो सड़क पर चल रहे वाहन अचानक रुक सकते हैं। इससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ने के साथ-साथ ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटनाएं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं।

पुलिस ने कहा ये

नोएडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि तकनीक का गलत इस्तेमाल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर ई-रिक्शा चालकों को परेशान करता है या सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करता है, तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी को इस तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले या कोई व्यक्ति वायरल वीडियो के आधार पर ई-रिक्शों के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या आपातकालीन हेल्पलाइन पर दें। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले हर दावे पर आंख मूंदकर भरोसा न करें और अफवाहों से दूर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *