कासगंज में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 7 इंस्पेक्टर और 72 मुख्य आरक्षियों का गैर जनपद तबादला

Share This

कासगंज। पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय और डीआईजी कार्यालय से जारी स्थानांतरण सूची के तहत जिले में लंबे समय से तैनात सात प्रभारी निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) और 72 मुख्य आरक्षियों का गैर जनपद स्थानांतरण किया गया है। सभी पुलिसकर्मियों को जल्द से जल्द अपने वर्तमान कार्यक्षेत्र का कार्यभार छोड़कर नए तैनाती स्थल पर आमद कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने जारी किया आदेश

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले में तैनात इंस्पेक्टर राजेश, रामदास, विपिन कुमार, विजेंद्र सिंह, इकरार हुसैन और उदित नयन सिंह का स्थानांतरण प्रयागराज जोन किया गया है। वहीं इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र को वाराणसी कमिश्नरेट भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सभी अधिकारी लंबे समय से कासगंज जिले में तैनात थे, जिसके चलते नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत उनके तबादले किए गए हैं।

इसके अलावा डीआईजी कार्यालय की ओर से जारी सूची में जिले के 72 मुख्य आरक्षियों (हेड कांस्टेबल) का भी गैर जिला स्थानांतरण किया गया है। इन सभी पुलिसकर्मियों को अलग-अलग जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। स्थानांतरण आदेश जारी होने के बाद पुलिस लाइन और संबंधित थानों में प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

एसपी ने दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि स्थानांतरण संबंधी आदेश जिला मुख्यालय को प्राप्त हो चुके हैं। सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मी काफी समय से जिले में सेवाएं दे रहे थे। उन्हें निर्धारित समय के भीतर कार्यमुक्त कर नए तैनाती स्थल पर भेजा जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।

पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को नियमित प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिक्त पदों पर नए पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग की व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *