उत्तर प्रदेश पुलिस में गुरुवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत एक साथ 125 डिप्टी एसपी (उप पुलिस अधीक्षक) अधिकारियों का तबादला किया गया है। तबादला सूची में हाल ही में निरीक्षक से डिप्टी एसपी पद पर प्रमोट हुए अधिकारी भी शामिल हैं, जिन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
लिस्ट में ये शामिल
जारी सूची के अनुसार विभिन्न जनपदों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस), रेलवे पुलिस और अन्य पुलिस इकाइयों में तैनात अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। कई अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग दी गई है, जबकि कुछ को विशेष इकाइयों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जल्द सभी करें कार्यभार ग्रहण
पुलिस विभाग के इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना, प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना तथा विभिन्न इकाइयों में बेहतर समन्वय स्थापित करना बताया जा रहा है। शासन के आदेश के बाद सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में हाल के दिनों में पुलिस विभाग में लगातार बड़े स्तर पर तबादले और पदोन्नतियां देखने को मिली हैं। इससे पहले इंस्पेक्टरों के भी बड़े पैमाने पर गैर जनपद तबादले किए गए थे। अब 125 डिप्टी एसपी अधिकारियों के स्थानांतरण को पुलिस प्रशासन के सबसे बड़े फेरबदल में से एक माना जा रहा है।