तकनीक के दम पर नोएडा पुलिस का कमाल, 7809 मोबाइल खोजकर मालिकों को लौटाए

Share This

नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने तकनीक के दम पर गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। बीते करीब साढ़े तीन वर्षों के दौरान पुलिस ने हजारों मोबाइल फोन ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुंचाए हैं।

इतनी थी कीमत

कमिश्नरेट पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2022 से मई 2026 तक कुल 7809 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 23.55 करोड़ रुपये से अधिक है। मोबाइल बरामदगी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं और शिकायत मिलते ही तकनीकी जांच शुरू कर दी जाती है।

मोबाइल फोन की तलाश में पुलिस सीईआईआर पोर्टल, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर रही है। इसी वजह से बड़ी संख्या में ऐसे मोबाइल भी बरामद हुए हैं, जिनके मिलने की उम्मीद पीड़ितों ने लगभग छोड़ दी थी।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि कमिश्नरेट की प्राथमिकता लोगों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से गुम और चोरी हुए मोबाइलों को खोजने के लिए तकनीक आधारित व्यवस्था को लगातार मजबूत किया गया है।

मालिकों को लौटाये फोन

बरामद मोबाइल फोन ‘मिशन सहयोग’ के तहत उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा रहे हैं। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और तत्परता की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी तकनीकी माध्यमों के अधिकतम उपयोग से ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *