हापुड़ में पुलिस और 50 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, बदमाश की मौत, एक सिपाही घायल

Share This

हापुड़ जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत शुक्रवार देर रात पुलिस और एक 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है।

कौन है मृतक

पुलिस ने मृतक की पहचान रामपुर जिले के पटवाई थाना क्षेत्र स्थित सूरजपुर गांव निवासी श्याम पुत्र वीरेंद्र के रूप में की है। वह हाल ही में हापुड़ शहर में एक टिंबर व्यापारी के घर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात में वांछित था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

जानकारी के मुताबिक, एक जून को शहर के मोहल्ला गिरधारी नगर में रहने वाले टिंबर कारोबारी नरेंद्र अग्रवाल के घर बदमाशों ने चौकीदार और परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए जा चुके हैं। हालांकि मुख्य आरोपियों में शामिल श्याम पुलिस की पकड़ से बाहर था।

एसपी ने दी जानकारी

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि देर रात बुलंदशहर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वह भाग निकला, जिसके बाद विभिन्न थानों की टीमों को अलर्ट कर घेराबंदी की गई। सादिकपुर गांव की ओर भाग रहे आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *