राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है और सभी जिलों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
सुरक्षा के हैं पुख्ता इंतजाम
जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पूर्व में हुई विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं के दौरान चिह्नित किए गए संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। साइबर सेल की टीम सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहकर संदिग्ध खातों की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या पेपर लीक जैसी गतिविधि को रोका जा सके।
पुलिस ने 59 जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। इसके अलावा महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों पर महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भी भीड़ प्रबंधन और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिससे छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने जोनल, सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया है ताकि सभी तैयारियां समय पर पूरी हो सकें। वहीं एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को भी सक्रिय किया गया है, जो परीक्षा से जुड़े असामाजिक तत्वों और पूर्व में पकड़े गए आरोपियों के संपर्क में रहने वालों पर नजर रख रही है।
साइबर सेल और एसटीएफ मिलकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई करेंगे। जैसे ही कोई संदिग्ध पोस्ट सामने आती है, उसकी जानकारी तुरंत एसटीएफ को भेजी जाएगी और संबंधित खाताधारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी व निष्पक्ष बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।