ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया जब चकसेनपुर के पास एक चलते डंपर से अचानक भारी मात्रा में बजरी और लाल रंग के पत्थर सड़क पर फैल गए। इस घटना के चलते हाईवे पर लंबा हिस्सा फिसलन भरा हो गया और वाहनों की रफ्तार अचानक धीमी पड़ गई, जिससे दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ गया।
ये है मामला
जानकारी के अनुसार, सुबह के समय कई डंपर इस मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक डंपर का हाइड्रोलिक जैक अचानक ऊपर उठ गया, जिससे उसमें भरी बजरी और पत्थर सड़क पर गिर गए। देखते ही देखते पूरे हाईवे पर पत्थर बिखर गए और स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। कई वाहन चालकों ने ब्रेक लगाकर किसी तरह अपनी गाड़ियों को संभाला, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलते ही दादरी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत यातायात को नियंत्रित कराया और सड़क को साफ कराने का कार्य शुरू कराया। पुलिसकर्मियों ने जेसीबी मशीन की मदद से तथा फावड़े और हाथों से स्वयं सड़क पर फैली बजरी और पत्थरों को हटाना शुरू किया, ताकि हाईवे को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।
सिर्फ इतना ही नहीं, एहतियात के तौर पर मौके पर एक पंचर रिपेयर वैन भी बुलाई गई, ताकि जिन वाहनों के टायर पत्थरों से प्रभावित हुए हों, उन्हें तुरंत ठीक किया जा सके और यातायात बाधित न हो।
पुलसकर्मियों का वीडियो वायरल
थाना प्रभारी ने बताया कि समय रहते कार्रवाई न की जाती तो यहां बड़ा सड़क हादसा हो सकता था। पुलिस की तत्परता और टीमवर्क से हाईवे को जल्द साफ कर दिया गया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी खुद सड़क से पत्थर हटाते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने दादरी पुलिस के इस त्वरित और मानवीय प्रयास की सराहना की है।