उत्तर प्रदेश पुलिस ने उन्नाव के चर्चित साधु हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इजरायल को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया है। इस कार्रवाई को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
काफी समय से था फरार
जानकारी के अनुसार, साधु मिलन दास हत्याकांड के बाद से इजरायल लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में कई जिलों में दबिश दे रही थी। इसी दौरान उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र स्थित ताजपुर अंडरपास के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस का दावा है कि इजरायल ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एसओजी का एक सिपाही भी घायल हुआ है, जिसका उपचार चल रहा है।
इस मामले के बाद से था फरार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और चाकू बरामद किया है। गौरतलब है कि 9 जून को साधु मिलन दास की एक निर्माणाधीन मंदिर में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया था और लोगों ने विरोध प्रदर्शन भी किया था।
हत्या के खुलासे के लिए एसएसपी जेपी सिंह ने कई टीमों का गठन किया था। मामले में इजरायल समेत कई आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस पहले ही कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।