लखीमपुर खीरी। पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और कार्य के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए खीरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) संकल्प शर्मा के निर्देश पर लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
विभाग ने जारी की सूचना
पुलिस विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना और शाखाओं में तैनात सात पुलिसकर्मी एक माह या उससे अधिक समय से बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए थे। मामले की समीक्षा के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सख्त कार्रवाई की।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक कमला प्रसाद सरोज (थाना पसगवां), उपनिरीक्षक अनिल वर्मा (थाना ईसानगर), मुख्य आरक्षी पुरुषोत्तम सिंह (थाना मोहम्मदी), मुख्य आरक्षी संतोष कुमार (यातायात शाखा), आरक्षी शैलेन्द्र (थाना हैदराबाद), आरक्षी आशुतोष रावत (थाना शारदानगर) तथा महिला आरक्षी चंचल (साइबर थाना खीरी) शामिल हैं।
एसपी ने कहा ये
एसपी संकल्प शर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासन और जिम्मेदारी से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों की कार्य के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है और जो कर्मचारी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, निलंबन के साथ-साथ सभी संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग की इस सख्ती से अन्य कर्मचारियों को भी अनुशासन का संदेश गया है।