उत्तर प्रदेश में देशविरोधी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यूपी एटीएस और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के कथित स्लीपर सेल से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ये लोग सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थे और युवाओं को भड़काने के साथ संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाने का काम कर रहे थे।
कौन हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकाब निवासी सहारनपुर, गगनदीप उर्फ गुरी सिंह निवासी मुजफ्फरनगर, शाहरुख निवासी सहारनपुर और मुशर्रफ निवासी हरिद्वार के रूप में हुई है। इन सभी को सहारनपुर से हिरासत में लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों में सक्रिय थे और देश विरोधी नेटवर्क को मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे।
एडीजी कानून-व्यवस्था ने दी जानकारी
यूपी पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में यह अहम सफलता है। मामले की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों को आर्थिक लाभ और अन्य प्रलोभन देकर युवाओं को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा था।
इस पूरे मामले में एटीएस थाना लखनऊ में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को गुमराह कर आतंकी और विध्वंसक गतिविधियों के लिए तैयार करने की साजिश रची जा रही थी।