जालौन: शताब्दी बस में महिला सिपाही के हंगामे से मचा बवाल, वीडियो वायरल

Share This

जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब दिल्ली जा रही एक शताब्दी टूरिस्ट बस में एक महिला सिपाही के जबरन यात्रा करने की कोशिश ने विवाद का रूप ले लिया। यह बस अमर ट्रेवल्स द्वारा उरई से दिल्ली के लिए संचालित की जा रही थी और पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी।

ये था मामला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही बस अपने निर्धारित समय पर रवाना होने की तैयारी में थी, तभी एक महिला सिपाही वहां पहुंचीं और बिना सीट उपलब्ध होने के बावजूद बस में चढ़ गईं। उन्होंने दिल्ली जाने की जिद पकड़ ली, जिसके बाद बस स्टाफ ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि सभी सीटें पहले से बुक हैं और किसी भी यात्री के लिए स्थान उपलब्ध नहीं है।

बस कर्मचारियों और महिला सिपाही के बीच इस दौरान काफी देर तक बहस होती रही। आरोप है कि महिला सिपाही ने अपनी वर्दी का हवाला देते हुए बस स्टाफ पर दबाव बनाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख चालक ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसके बावजूद भी महिला सिपाही काफी समय तक बस से उतरने को तैयार नहीं हुईं और हंगामा जारी रहा। इस कारण बस निर्धारित समय पर रवाना नहीं हो सकी और यात्रियों को लंबे समय तक असुविधा का सामना करना पड़ा।

वायरल हो रहा वीडियो

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

इस संबंध में जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के बाद यदि महिला सिपाही दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *