फिरोजाबाद: अज्ञात वाहन ने दो सिपाहियों और दारोगा के बेटे को कुचला, रिक्रूट सिपाही की मौत

Share This

 

फिरोजाबाद में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2025 बैच के एक रिक्रूट सिपाही की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सिपाही और दारोगा का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मक्खनपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर इंदरई पुलिया के पास रात करीब 11 बजे हुआ।

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शिकोहाबाद थाने में तैनात 22 वर्षीय रिक्रूट सिपाही ऋतिक, जो गाजियाबाद के थाना किला मोड़ क्षेत्र के पसौंदा के रहने वाले थे, अपने साथी सिपाही मोहित और अवनीश के साथ पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रिक्रूट सिपाही ऋतिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सिपाही मोहित और अवनीश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

लखनऊ में तैनात हैं दारोगा

बताया गया है कि घायल अवनीश के पिता लखनऊ में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस हादसे ने पुलिस विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *