हापुड़ पुलिस अलर्ट मोड पर, वर्दी में रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान शुरू

Share This

उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर वर्दी में रील और वीडियो बनाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के बाद हापुड़ पुलिस विभाग भी अलर्ट मोड पर आ गया है। सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान शुरू कर दी गई है। ऐसे कर्मचारियों पर विभागीय जांच के साथ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा ये

एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि पिछले कुछ समय से कई सेवारत और प्रशिक्षु पुलिसकर्मी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वर्दी पहनकर रील और वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। कई मामलों में आपत्तिजनक कंटेंट और अनुशासनहीनता भी सामने आई है, जिससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों का ध्यान सोशल मीडिया पर ज्यादा रहने से सरकारी कार्य भी प्रभावित हो सकते हैं।

मुख्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पुलिसकर्मी विभागीय गतिविधियों, कार्यालय परिसर, सरकारी दस्तावेज या संवेदनशील जानकारी को सोशल मीडिया पर साझा नहीं करेगा। इसके अलावा वर्दी में मनोरंजनात्मक वीडियो, फिल्मी गानों पर रील या किसी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट डालना भी नियमों के खिलाफ माना जाएगा।

रखी जा रही निगरानी

हापुड़ पुलिस प्रशासन ने ऐसे मामलों की निगरानी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट तैयार की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की गरिमा और अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता है।

पुलिस विभाग ने सभी कर्मचारियों को सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *