गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने डायल-112 सेवा को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। जिले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने के लिए गुरुवार को 25 नई पीआरवी बाइक को सेवा में शामिल किया गया। इन वाहनों को पुलिस आयुक्त कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जोनों के लिए रवाना किया गया।
नई बाइकों की मदद से पुलिस अब भीड़भाड़ वाले इलाकों और महत्वपूर्ण मार्गों पर तेजी से पहुंच सकेगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तरीके से संभालने में मदद मिलेगी और आम लोगों को सुरक्षा का बेहतर एहसास होगा।
पुलिस कमिश्नर ने कहा ये
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने बताया कि डायल-112 सेवा को मजबूत करना कमिश्नरेट की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इन अतिरिक्त वाहनों के जरिए पुलिस की दृश्य उपस्थिति बढ़ेगी, जिससे अपराध पर नियंत्रण लगाने और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने में आसानी होगी। साथ ही पुलिस रिस्पांस टाइम में भी सुधार होने की उम्मीद है।
कमिश्नरेट के तीनों जोनों में इन वाहनों का वितरण किया गया है। नोएडा जोन और सेंट्रल नोएडा जोन को 10-10 बाइक दी गई हैं, जबकि ग्रेटर नोएडा जोन को पांच नई बाइक मिली हैं। इन बाइकों को खास तौर पर ऐसे क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा, जहां तेज पुलिस प्रतिक्रिया की जरूरत अधिक रहती है।
अफसरों ने कहा ये
अधिकारियों के अनुसार नई पीआरवी बाइकों के शामिल होने से ट्रैफिक जाम और संकरी गलियों वाले इलाकों में भी पुलिस तेजी से पहुंच सकेगी। इससे आपातकालीन कॉल पर कार्रवाई और ज्यादा प्रभावी हो पाएगी।कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र, डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी डीसीपी यातायात एवं डायल-112 अभय कुमार मिश्र समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।