सैल्यूट नहीं करने पर सिपाही को मिली स्पेशल ट्रेनिंग की सजा, बरेली की SP साउथ का आदेश वायरल

Share This

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में तैनात एसपी साउथ आंशिका वर्मा एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस बार मामला एक नए कॉन्स्टेबल को सैल्यूट न करने पर अतिरिक्त ट्रेनिंग दिए जाने से जुड़ा है। घटना आंवला थाने के निरीक्षण के दौरान की बताई जा रही है, जहां ड्यूटी पर मौजूद सिपाही ने एसपी को अभिवादन नहीं किया। इसके बाद उसे 15 दिनों के लिए रिजर्व पुलिस लाइन भेजकर विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश जारी किए गए।

थाने का निरीक्षण करने पहुंची थी एसपी

जानकारी के अनुसार, एसपी साउथ अंशिका वर्मा हाल ही में आंवला थाने का निरीक्षण करने पहुंची थीं। उस समय थाना परिसर में अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे और सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात थी। थाने के मुख्य गेट पर नए नियुक्त आरक्षी परम सिंह की ड्यूटी लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि परम सिंह ने एसपी को सैल्यूट नहीं किया, जिसके बाद इस पूरे मामले को अनुशासन से जोड़कर देखा गया।

इस घटना के बाद थाना प्रभारी से भी सवाल किया गया कि नए सिपाहियों को अधिकारियों के प्रति व्यवहार और पुलिस अनुशासन की पर्याप्त जानकारी क्यों नहीं दी गई। वहीं, सिपाही परम सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि एसपी साउथ उस समय वर्दी में नहीं थीं, इसलिए वह उन्हें पहचान नहीं सका। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।

अफसरों ने कहा ये

मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं बल्कि प्रशिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने भी स्पष्ट किया कि नए आरक्षियों को कई बार व्यवहारिक और औपचारिक प्रशिक्षण की जरूरत होती है। इसी उद्देश्य से उन्हें रिजर्व पुलिस लाइन भेजा जाता है, ताकि वे ड्रिल, अनुशासन और वरिष्ठ अधिकारियों के प्रोटोकॉल को बेहतर तरीके से समझ सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *