“जनगणना के लिए एक क्लिक, राष्ट्र निर्माण की ओर एक कदम” के संदेश के साथ उत्तर प्रदेश में डिजिटल जनगणना प्रक्रिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने जनगणना पोर्टल के माध्यम से अपनी ऑनलाइन स्व-गणना पूर्ण कर एक उदाहरण प्रस्तुत किया।
यह प्रक्रिया निदेशक, जनगणना कार्य, उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना न केवल आसान है, बल्कि यह समय की बचत और डेटा की सटीकता सुनिश्चित करने का भी प्रभावी तरीका है।
अफसरों से भी की अपील
उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे भी सुरक्षित और सरल ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना जल्द से जल्द पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी का महत्वपूर्ण माध्यम है।
डिजिटल जनगणना पोर्टल के माध्यम से नागरिक भी अपने घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए सरकार ने एक सरल और सुरक्षित ऑनलाइन प्रणाली विकसित की है, जिससे लोग बिना किसी परेशानी के अपनी जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
सरकार ने कहा ये
सरकार की ओर से बताया गया है कि यह प्रक्रिया पारदर्शिता बढ़ाने और डेटा संग्रह को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इससे भविष्य की नीतियों और योजनाओं को बेहतर तरीके से तैयार करने में मदद मिलेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपनी स्व-गणना अवश्य पूरी करें।