उत्तर प्रदेश स्थित बिजनौर जिले से पुलिस की कथित बर्बरता का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला गरमा गया है। वायरल वीडियो मंडावली थाने की भागूवाला चौकी से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें तैनात दरोगा संजय कुमार यादव पर एक युवक के साथ मारपीट करने के आरोप लगे हैं।
वीडियो हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस 12 सेकंड के वीडियो में एक युवक को पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारते हुए देखा जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस दौरान युवक को लगातार कई थप्पड़ और घूंसे मारे गए, जबकि वह बिना किसी विरोध के खड़ा रहा।
बताया जा रहा है कि यह मामला उस समय का है जब पुलिस टीम गांव में चोरी से जुड़े एक केस की जांच के लिए पहुंची थी। आरोप है कि एक युवक पर दुकान से सामान लेने का शक जताया गया, जिसके बाद मौके पर ही उससे पूछताछ के दौरान यह घटना हुई।
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि युवक पर आरोप था भी, तो कानून के तहत कार्रवाई की बजाय इस तरह की पिटाई क्यों की गई।
सीओ करेंगे जांच
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, क्षेत्राधिकारी नगीना को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है। प्रशासन ने कहा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।