सड़क हादसों के बीच कई बार ऐसे पल सामने आते हैं, जो सिस्टम के मानवीय चेहरे को उजागर कर देते हैं। पुलिस को अक्सर सख्ती के लिए जाना जाता है, लेकिन जब वही पुलिस अधिकारी संवेदनशीलता दिखाते हैं, तो समाज में भरोसा और मजबूत होता है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सामने आया, जहां एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर मानवता की मिसाल पेश की। उनकी त्वरित कार्रवाई से न केवल घायलों को समय पर मदद मिली, बल्कि पुलिस की छवि को भी सकारात्मक संदेश मिला।
ये है मामला
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने मानवता का परिचय देते हुए एक सराहनीय कार्य किया। वह क्षेत्र में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था का जायजा ले रहे थे, तभी देवराना कट के पास एक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक और कार की टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को देखते ही एसपी सिटी अमृत जैन ने बिना समय गंवाए अपनी गाड़ी रुकवाई और तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन किया। उन्होंने न सिर्फ घायलों का हाल जाना, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से भी ढांढस बंधाया। इसके बाद उन्होंने अपनी स्कॉर्ट गाड़ी की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया, ताकि उसे समय पर इलाज मिल सके।
तत्का कार्रवाई से संभली स्थिति
बताया जा रहा है कि इस त्वरित कार्रवाई से घायल की स्थिति संभालने में मदद मिली। पुलिस अधीक्षक की इस संवेदनशीलता और तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता के साथ खड़ी भी नजर आती है।