लखीमपुर खीरी में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाला मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी छोड़कर शॉपिंग मॉल पहुंच गए। इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा पुलिस के आधिकारिक प्रेस नोट में हुआ है, जिसके बाद सख्त कार्रवाई की गई है।
ये था मामला
प्रेस नोट के मुताबिक, 27 अप्रैल 2026 को कोतवाली क्षेत्र में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। यह ड्यूटी बेहद संवेदनशील मानी जाती है, लेकिन जांच में सामने आया कि पांच पुलिसकर्मी अपने तैनाती स्थल से अनुपस्थित थे।
आगे की पड़ताल में पता चला कि ये सभी पुलिसकर्मी ड्यूटी छोड़कर लखीमपुर खीरी स्थित जियो मॉल में घूमने और शॉपिंग करने चले गए थे। इसे विभाग ने गंभीर अनुशासनहीनता और ड्यूटी के प्रति लापरवाही माना है।
एसपी ने की कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक खीरी ने तत्काल प्रभाव से पांचों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित किए गए कर्मियों में हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल राशीद चौधरी, कांस्टेबल विक्रांत चौधरी, रचित राजपूत और लोकेश पांडे शामिल हैं।
पुलिस विभाग ने साफ किया है कि इस तरह की लापरवाही, खासकर परीक्षा जैसी संवेदनशील ड्यूटी के दौरान, किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।