नोएडा प्राधिकरण ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के लिए एक बड़े फैसले की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। पुलिस को जल्द ही अपना स्थायी और आधुनिक सुविधाओं से लैस मुख्यालय मिलने जा रहा है। इसके लिए सेक्टर-153 में करीब 13,300 वर्गमीटर जमीन चिन्हित की गई है, जिसकी फाइल मंजूरी के लिए प्राधिकरण के सीईओ के पास भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही यह जमीन औपचारिक रूप से पुलिस कमिश्नरेट को सौंप दी जाएगी।
1 रुपये में मिलेगी लीज पर
खास बात यह है कि यह जमीन मात्र एक रुपये की लीज पर दी जाएगी, जिससे प्रशासनिक स्तर पर यह एक महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक निर्णय माना जा रहा है। फिलहाल कमिश्नरेट का संचालन सेक्टर-108 स्थित परिवहन विभाग के भवन से किया जा रहा है, जिसे नए मुख्यालय के तैयार होते ही खाली कर दिया जाएगा।
नया पुलिस मुख्यालय बनने के बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को अधिक संगठित और प्रभावी तरीके से संचालित किया जा सकेगा। एक ही परिसर में सभी प्रमुख शाखाओं के आने से समन्वय बेहतर होगा और आम लोगों को भी सेवाएं तेजी से मिलेंगी।
प्राधिकरण की योजना के तहत इस भवन का डिजाइन और निर्माण कार्य भी वही कराएगा। निर्माण पूरा होने के बाद इसे पुलिस विभाग को सौंप दिया जाएगा। नए परिसर में कंट्रोल रूम, प्रशासनिक कार्यालय, मीटिंग हॉल, रिकॉर्ड सेक्शन, पार्किंग और हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
अफसरों ने दी जानकारी
वहीं, वर्तमान में उपयोग में आ रहा सेक्टर-108 का भवन पहले ट्रैफिक पार्क के रूप में विकसित किया गया था। स्थायी मुख्यालय बनने के बाद इस परिसर का उपयोग दोबारा सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन या अन्य सरकारी जरूरतों के लिए किया जा सकता है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, जमीन चिन्हांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब आवंटन की औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। जल्द ही पुलिस को नई जगह का कब्जा मिल जाएगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही स्थायी मुख्यालय की जरूरत भी पूरी हो जाएगी।