मऊ में गश्त के दौरान बड़ा हादसा: ट्रेलर की टक्कर से हेड कांस्टेबल की मौत, तीन घायल

Share This

 

मऊ जिले में देर रात गश्त के दौरान एक गंभीर सड़क हादसा हो गया, जिसने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। गोरखपुर–मऊ हाईवे पर थाना घोसी क्षेत्र के बनियापार के पास सेकेंड मोबाइल सरकारी वाहन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हेड कांस्टेबल की मौत

हादसे के समय वाहन में उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रितम कुमार यादव, चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव और पीआरडी जवान ओमप्रकाश मौजूद थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल मऊ रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चालक हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव की हालत बिगड़ती चली गई। ईसीजी जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें रात करीब 2 बजे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं अन्य घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

अफसर पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मऊ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। साथ ही चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दिवंगत हेड कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *