नोएडा में श्रमिक आंदोलन का आज तीसरा दिन, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

Share This

 

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में श्रमिकों द्वारा वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन का असर अब धीरे-धीरे सामान्य होता नजर आ रहा है। बीते दिनों हुए बवाल और बड़ी संख्या में श्रमिकों की हिरासत के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है। फिलहाल इलाके में हालात नियंत्रण में हैं और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।

आज भी जमा हुए थे श्रमिक

बुधवार (15 अप्रैल) को एक बार फिर नोएडा के सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी के बाहर बड़ी संख्या में श्रमिक इकट्ठा हुए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से संभाला। पुलिस ने श्रमिकों को समझाया और उन्हें वहां से हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, श्रमिकों को बताया गया कि उनकी मांगों पर विचार किया जा रहा है और कई जगहों पर वेतन वृद्धि की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

इस बीच सुरक्षा के मद्देनजर सभी प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। सेक्टर-55, 57, 58, 59 और 60 में लगातार पुलिस गश्त की जा रही है। कंपनियों के बाहर भी पुलिसकर्मी तैनात हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी पूरी तरह सक्रिय है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा सहित आसपास के इलाकों में सुबह से ही वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है। सेक्टर-62, जलालपुर गोलचक्कर, कुलेसरा-हल्द्वानी तिराहा, सेक्टर-80-81 सैमसंग कंपनी तिराहा, होंडा सीएल चौक और किसान चौक मार्ग पर ट्रैफिक सामान्य गति से संचालित हो रहा है।

पैदल गश्त कर रही पुलिस

पुलिस द्वारा हर संवेदनशील प्वाइंट पर जवानों की तैनाती की गई है और लगातार पैदल गश्त की जा रही है। DCP स्तर के अधिकारी स्वयं टीम के साथ क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाह या अराजकता को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी बीच जानकारी सामने आई है कि करीब 50 प्रतिशत कंपनियों ने फिर से कामकाज शुरू कर दिया है और श्रमिक धीरे-धीरे कार्यस्थल पर लौट रहे हैं। पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं ताकि औद्योगिक माहौल सामान्य बना रहे और उत्पादन पर असर न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *