नोएडा। सोमवार को श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन और तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद उत्तर प्रदेश के डीजीपी राजीव कृष्ण ने नोएडा की स्थिति पर अपडेट देते हुए कहा कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। डीजीपी ने बताया कि नोएडा बवाल केवल स्थानीय मुद्दा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश का हिस्सा था। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर माहौल बिगाड़ने वाले कई बॉट और एक्स हैंडल सक्रिय पाए गए हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
डीजीपी ने कहा ये
राजीव कृष्ण ने बताया कि उन्होंने एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश के साथ लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से पूरे दिन नोएडा की मॉनिटरिंग की।
शाम सात बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी थाना प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों और आसपास के जिलों में तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दी गई और स्पष्ट निर्देश दिए गए कि श्रमिकों के साथ संवेदनशील और संयमित व्यवहार किया जाए।
जिन्होंने दंगा भड़काया, उनपर होगी कार्रवाई
डीजीपी ने कहा कि जिन्होंने इस प्रकरण में भड़काने का काम किया, उनके खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मौजूद हैं। पुलिस इस डिजिटल ट्रेल की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और अपने अधिकारियों के साथ निरंतर संवाद कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिल सके।